कोण्डागांव। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में कोण्डागांव जिले के बुडरा पंचायत के आश्रित ग्राम टेड़मुड़ा में बड़ी लापरवाही सामने आई। यहां 20 फरवरी 2025 को हुए मतदान में एक पीठासीन अधिकारी की गंभीर लापरवाही के चलते 13 फर्जी वोट डाले गए। इनमें से कुछ मतदाता दिवंगत हो चुके थे, जबकि कुछ लोग काम के सिलसिले में गांव से बाहर थे।
इस गड़बड़ी से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर पुनर्मतदान कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय पर उचित कार्रवाई नहीं की तो वे धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद है, लेकिन इस तरह की लापरवाहियों से चुनाव की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने मांग की कि दोषी अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाए और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन से अब इस मामले में उचित निर्णय लेने की उम्मीद जताई जा रही है।