केशकाल में प्रथम तेलीन सत्ती माता महोत्सव का भव्य आयोजन, सामाजिक समरसता का बना प्रतीक
कोण्डागांव जिले के केशकाल घाट स्थित तेलीन सत्ती माता धाम में साहू समाज बस्तर संभाग एवं आसपास के जिलों के सहयोग से प्रथम तेलीन सत्ती माता महोत्सव ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निरेंद्र साहू के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें सामाजिक और राजनीतिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। महोत्सव में कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के नेताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का प्रथम सत्र पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू के आतिथ्य में तथा द्वितीय सत्र उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माता तेलीन सत्ती की आरती एवं गरुड़ ध्वज के ध्वजारोहण से हुई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, विधायक संदीप साहू, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू सहित बस्तर संभाग के सभी जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।
![]()
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत 58 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, जिन्हें उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री साव ने साहू समाज को मेहनती, ईमानदार और जुझारू बताते हुए समाज की प्रशंसा की। उन्होंने टाटामारी क्षेत्र के विकास हेतु एक करोड़ रुपये की घोषणा भी की। वहीं सांसद महेश कश्यप ने सांसद निधि से तेलीन सत्ती माता मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। अंत में महासचिव अशोक साहू ने सभी अतिथियों एवं समाजिक जनों का आभार व्यक्त किया।