कोण्डागांव में 80 वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया सांसद भोजराज नाग ने किया ध्वजारोहण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कोण्डागांव में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, सांसद भोजराज नाग ने किया ध्वजारोहण

कोण्डागांव,

जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित विकास नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके पश्चात उन्होंने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के साथ परेड का निरीक्षण किया।

सांसद भोजराज नाग ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया तथा जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, बस्तर फाइटर्स, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, उपाध्यक्ष हिरासिंह मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह का मुख्य आकर्षण स्कूली छात्र-छात्राओं की देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। विद्यार्थियों ने बस्तर की लोक कला एवं संस्कृति के साथ देश के विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं और नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों में उत्साह और देशभक्ति का संचार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *