कोंडागांव। केंद्रीय राज्य मंत्री (रेल और जल शक्ति मंत्रालय) एवं आकांक्षी जिला प्रभारी श्री व्ही. सोमन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर आकांक्षी जिला कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और सभी निर्धारित इंडिकेटर्स पर शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए।
श्री सोमन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शत-प्रतिशत किसानों को लाभान्वित करने पर जिला प्रशासन को बधाई दी। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने और लो वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, अटल पेंशन योजना, जनधन योजना सहित अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेण्डी सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी दी।
