कोंडागांव – 8 अप्रैल 2025 को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव द्वारा देश के महान स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे जी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत वीर क्रांतिकारी मंगल पांडे के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके पश्चात “मंगल पांडे अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने युवाओं को संबोधित करते हुए बताया कि मंगल पांडे 1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत थे। वे ईस्ट इंडिया कंपनी की 34वीं बंगाल इंफेन्ट्री के सिपाही थे, जिन्होंने अंग्रेजों की अन्यायपूर्ण नीतियों के खिलाफ विद्रोह कर स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी जलाई। अंग्रेजी शासन ने उन्हें बागी घोषित किया, लेकिन आज भी देश उन्हें स्वतंत्रता संग्राम के नायक के रूप में याद करता है।
जिलाध्यक्ष सूरज यादव ने कहा कि 1857 का विद्रोह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का पहला संगठित प्रयास था, जिसमें कई सैनिक और रियासतें शामिल हुईं। इस क्रांति का सूत्रपात करने वाले स्वाभिमानी सिपाही मंगल पांडे थे, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी की राह दिखाई।
- कार्यक्रम में परिषद के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा सहित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियां भी मौजूद रहे। कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और प्रेरणा का संदेश लेकर संपन्न हुआ।
