कोंडागांव। नगरपालिका परिषद कोंडागांव के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं 22 वार्डों के पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम स्थानीय बालक छात्रावास प्रांगण में आयोजित किया गया, जहां प्रशासक ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरपति पटेल को शपथ दिलाई, इसके बाद सभी पार्षदों ने शपथ ग्रहण किया।
मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बस्तर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का संकल्प लिया गया है, जिससे शांति और प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक लता उसेंडी व नीलकंठ टेकाम उपस्थित रहे। विधायक लता उसेंडी ने कोंडागांव को जिला बनाने में डॉ. रमन सिंह के योगदान को सराहा और जिले के विकास कार्यों की सराहना की।
शपथ ग्रहण समारोह में कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार, महापौर संजय पांडे सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।