कोण्डागांव – थाना अनंतपुर पुलिस ने अपनी पत्नी पर टांगिया से प्राणघातक हमला कर फरार आरोपी बनसिंग उर्फ बंशीराम पोयाम को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी की रात करीब 8 बजे आरोपी शराब के नशे में घर आया और अपनी पत्नी गोंची बाई पोयाम से झगड़ा करने लगा। परिवार के सदस्यों ने उसे समझाने की कोशिश की, जिसके बाद वह घर से निकल गया। रात 11 बजे गोंची बाई के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो देखा कि बनसिंग टांगिया से सिर पर वार कर वहीं खड़ा था। परिजनों को देख वह फरार हो गया। घायल गोंची बाई को 22 फरवरी की सुबह जिला अस्पताल कोण्डागांव ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
घटना की रिपोर्ट पर थाना अनंतपुर में अपराध क्रमांक 05/2025 धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार के पर्यवेक्षण व थाना प्रभारी अखिलेश धीवर के नेतृत्व में टीम गठित कर 23 फरवरी को ग्राम छोटे सोंहगा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान घटना में प्रयुक्त टांगिया भी जब्त की गई। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक डोमन लाल दीवान, प्रधान आरक्षक भावेश मण्डावी, आरक्षक लक्ष्मी बघेल, रामजी वट्टी, मनराज वट्टी और सोपसिंह मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।