कांगा, कोण्डागांव – एसबीआई फाउंडेशन और परिवर्तन समाज विकास समिति के संयुक्त प्रयास से ग्राम पंचायत कांगा में एनीमिया रोग निवारण हेतु विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में एनीमिया से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम और उपचार को लेकर जागरूकता फैलाना था।
शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने 328 मरीजों का निःशुल्क उपचार किया और आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। इसके साथ ही, 52 लोगों का पैथोलॉजी परीक्षण भी किया गया, जिससे उनकी स्वास्थ्य समस्याओं का गहराई से विश्लेषण कर उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
इस महत्वपूर्ण शिविर में परिवर्तन समाज विकास समिति कोण्डागांव के जिला समन्वयक भूपेंद्र देवांगन, विशेषज्ञ डॉक्टर ऋतु चंदेल, डॉक्टर भुगनेश मानिकपुरी, फार्मासिस्ट तुलाराम मानिकपुरी, लैब टेक्नीशियन अंजली सूर्यवंशी, स्टाफ नर्स हीना देवांगन और पायलट विक्रम यादव ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, मितानिन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एनीमिया से बचाव और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया, जिससे वे स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।