
गरियाबंद। पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ की वार्षिक समीक्षा बैठक का आयोजन गरियाबंद जिले में किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष एवं द जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव सुनील कुमार यादव ने संगठन की दिशा, अनुशासन और जनसेवा आधारित पत्रकारिता पर स्पष्ट दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में 20 दिसंबर 2025 तक समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। प्रत्येक बैठक से पूर्व जिला स्तर पर वर्चुअल मीटिंग भी की जाएगी।
श्री यादव ने विभिन्न जिलों के लिए समीक्षा बैठक प्रभारियों की घोषणा करते हुए बताया कि रायपुर में अब्दुल हमीद और निहारिका श्रीवास्तव, कोंडागांव में विश्वप्रकाश शर्मा, बलोद में देवधर साहू, बस्तर संभाग में नसीम कुरैशी तथा गरियाबंद में शिव भीलेपारिया और कुलेश्वर सिन्हा बैठक प्रभारी रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हुए समाजहित में निष्पक्ष और मर्यादित पत्रकारिता करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि संगठन के नाम का दुरुपयोग या अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ऐसी स्थिति में सीधे अनुशासनात्मक कार्रवाई या FIR की जाएगी।
बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार यादव को उनकी सक्रियता व निष्ठा के लिए द जर्नलिस्ट एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। अनुशासन समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव भीलेपारिया ने सभी पत्रकारों से नियमों और अनुशासन का पालन करने की अपील की।
जिला अध्यक्ष परमेश्वर यादव ने संगठन के विस्तार और सक्रियता पर जोर देते हुए टीम भावना से कार्य करने की प्रेरणा दी। बैठक में जिले के सभी पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।