नारायणपुर भगवान विश्वकर्मा जयंती के पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेशभर में शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना प्रारंभ करने की घोषणा के तहत नारायणपुर जिले में योजना का शुभारंभ वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने किया। नया बस स्टैण्ड स्थित यूनियन कार्यालय, जिला राजमिस्त्री मजदूर संघ में शुरू इस योजना के तहत श्रम विभाग में पंजीकृत हितग्राहियों एवं अपंजीकृत निर्माण श्रमिकों को मात्र 5 रुपये में गरम एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
नारायणपुर जिले में कुल 26,905 पंजीकृत श्रमिक हैं, जिनमें से 5,673 श्रमिकों को वित्तीय वर्ष 2024-25 में विभिन्न योजनाओं के तहत 1.96 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, नि:शुल्क गणवेश सहायता, मिनीमाता महतारी जतन योजना एवं नोनी सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत हजारों हितग्राही लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम में मंत्री श्री कश्यप ने मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के तहत दो श्रमिकों को 1-1 लाख रुपये, निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में दो हितग्राहियों को 1-1 लाख रुपये, सियान सहायता योजना के तहत दो महिलाओं को 20-20 हजार रुपये, एवं नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत दो महिलाओं को 20-20 हजार रुपये के चेक प्रदान किए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इन्द्रप्रसाद बघेल, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित जनप्रतिनिधि, श्रमिक व अधिकारी उपस्थित रहे।
