विश्व प्रकाश शर्मा (बब्बी शर्मा) की रीपोर्ट

कोंडागांव – जिले में आयल पाम रोपण की प्रगति का अवलोकन करने के लिए भारत सरकार की राष्ट्रीय अन्वेषण टीम ने भ्रमण किया। टीम के प्रमुख डॉ. ए.के. शिवहरे, कन्वीनर एवं दलहन विकास निदेशालय के टीम लीडर के नेतृत्व में यह दौरा किया गया। टीम ने कोपाबेड़ा स्थित 20 एकड़ क्षेत्र में फैली आयल पाम नर्सरी में 1,10,000 पौधों की गुणवत्ता और रखरखाव का निरीक्षण किया।
डॉ. शिवहरे ने चलका गांव में 100 एकड़ क्षेत्र में आयल पाम की खेती कर रहे किसानों से संवाद करते हुए उनकी मेहनत और प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को अदान सामग्री और अनुदान प्रदान किया जा रहा है, जिससे उन्हें काफी सहयोग मिल रहा है। हालांकि, क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की अनियमितता एक बड़ी समस्या बनी हुई है, जिससे किसानों को सिंचाई और अन्य कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में टीम ने विद्युत विभाग से समन्वय कर समाधान निकालने की बात कही और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। टीम की सदस्य डॉ. बीना सिंह और डॉ. के.पी. सिंह ने भी किसानों को तकनीकी जानकारी और कृषि सलाह दी।
इस अवसर पर सहायक संचालक वी.के. गौतम, क्षेत्रीय अधिकारी लोकेश प्रसाद ध्रुव सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। टीम के दौरे से किसानों में उत्साह देखा गया।