पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ का स्थापना दिवस, शपथग्रहण एवं सम्मान समारोह सम्पन्न
रायपुर। पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ द्वारा 5 अप्रैल 2026 को अग्रसेन कॉलेज, समता कॉलोनी रायपुर में स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य शपथग्रहण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने विधिवत शपथ ग्रहण किया। इस अवसर पर पत्रकारों के साथ-साथ समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तुलसी कौशिक (निज सहायक, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन) ने अपने संबोधन में पत्रकारिता को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उन्हें निष्पक्ष, निडर एवं साहसिक ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सचिदानंद उपासने तथा विशेष अतिथि के रूप में पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फूलबासन यादव उपस्थित रहीं।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने संगठन की स्थापना और विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि चार वर्ष पूर्व मात्र सात लोगों ने सड़क पर बैठकर इस संगठन की नींव रखी थी, जो आज एक बड़े परिवार के रूप में विकसित हो चुका है। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सतत कार्य कर रहा है।
पद्मश्री फूलबासन यादव ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन की प्रेरणादायक कहानी साझा करते हुए बताया कि कैसे अत्यधिक गरीबी ने उन्हें कठिन परिस्थितियों में ला खड़ा किया, लेकिन उन्होंने हार न मानते हुए महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया। आज उनके प्रयासों से हजारों महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं और उनके समूहों का टर्नओवर लगभग 80 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। उन्होंने इस सफलता के पीछे पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका को भी सराहा।
विशिष्ट अतिथि सचिदानंद उपासने ने पत्रकारिता के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों और उनसे निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में सभी जिला अध्यक्षों को अपने विचार रखने का अवसर दिया गया, जहां उन्होंने संगठन को पत्रकारों का “रक्षा कवच” बताया।
- अंत में प्रदेश संरक्षक विश्व प्रकाश शर्मा ने संगठन के लिए भवन उपलब्ध कराने की मांग मुख्य अतिथि महोदय से रखी तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
