आस्था एवं उल्लास के साथ शुरू हुआ माता मावली मेला
नारायणपुर, 
ऐतिहासिक माता मावली मेला श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ जिला मुख्यालय में प्रारंभ हुआ। मेले का शुभारंभ माता मावली मंदिर में पारंपरिक पूजा-अर्चना एवं परघाव से किया गया। आसपास के गांवों से पहुंचे देवी-देवताओं के समागम के साथ भव्य देव परिक्रमा निकाली गई और ढाई परिक्रमा की रस्म पूरी की गई। ग्रामीणों ने डंगई, लाठ, डोली व छत्र के साथ पारंपरिक तरीके से देव विग्रहों की अगवानी की।
जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम और नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल ने मेले को सामाजिक समरसता और बस्तर की संस्कृति का प्रतीक बताया। 11 से 15 फरवरी तक चलने वाले मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग व अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।