विश्वप्रकाश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष, पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़
रायपुर। पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति की वर्चुअल बैठक 25 सितंबर को आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, उपाध्यक्ष विश्वप्रकाश शर्मा एवं नसीम कुरैशी, कोषाध्यक्ष कुलेश्वर सिन्हा, महासचिव निहारिका श्रीवास्तव, सचिव प्रताप नारायण बेहरा एवं मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार यादव उपस्थित रहे।
बैठक में संगठनात्मक अनुशासन और सक्रियता बनाए रखने की नीति के तहत बस्तर और नारायणपुर जिलों के निष्क्रिय पदाधिकारियों की सदस्यता समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इस क्रम में बस्तर के जिला अध्यक्ष मयंक पटेल, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू, महासचिव केमेन्द्र ठाकुर और सचिव अनूप दास को पदमुक्त किया गया। वहीं नारायणपुर जिले में जिलाध्यक्ष विक्रम हालदार, महासचिव इमरान खान सहित सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी खत्म कर दी गई।
प्रदेश कार्यकारिणी ने जनसंपर्क विभाग और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजने का निर्णय भी लिया है, ताकि पूर्व पदाधिकारी यदि संगठन की नेम प्लेट या परिचय पत्र का उपयोग करते पाए जाएं तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई हो सके।
प्रदेश उपाध्यक्ष नसीम कुरैशी ने बताया कि 7 अक्टूबर को बस्तर और 9 अक्टूबर को नारायणपुर की नई कार्यकारिणी घोषित की जाएगी, जिसमें सक्रिय और समर्पित पत्रकारों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि संगठन पत्रकारों के अधिकार, पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार सम्मान कार्यक्रमों में हमेशा सक्रिय रहा है। संगठन में वही लोग बने रहेंगे जो ईमानदारी और सक्रियता से पत्रकारों की समस्याओं पर कार्य करेंगे। निष्क्रिय और गैर-जिम्मेदार लोगों के लिए संगठन में कोई स्थान नहीं है |