रायपुर। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में विधानसभा के समिति कक्ष में सोमवार को मंत्रिपरिषद की उपसमिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विशुद्ध रूप से राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
इस दौरान कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े भी उपस्थित रहीं। बैठक में विभिन्न जिलों से प्राप्त 35 राजनीतिक मामलों पर चर्चा हुई, जिन पर उपसमिति ने विस्तार से विचार किया।
उपसमिति द्वारा इन मामलों पर अपनी अनुशंसा तैयार कर मंत्रिपरिषद के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इन सिफारिशों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने मामलों से जुड़े तथ्यों की जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है और राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष समीक्षा की जा रही है। बैठक में प्रकरणों के त्वरित निस्तारण एवं उचित कार्रवाई पर जोर दिया गया।
सरकार की इस पहल से राजनीतिक आंदोलनों के दौरान दर्ज मामलों के समाधान की प्रक्रिया को गति मिलेगी और इससे प्रभावित व्यक्तियों को राहत मिल सकेगी।
