नारायणपुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव के निर्देशानुसार उपजेल नारायणपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कुमारी प्रतिभा मरकाम ने जेल का निरीक्षण किया, जिसमें बंदियों के बैरक, पाकशाला, भंडार गृह और स्नानगृह की स्थिति की समीक्षा की गई। कुल 96 बंदियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
शिविर में बंदियों को न्यायिक प्रक्रिया और विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई। प्रधान मजिस्ट्रेट शिव प्रकाश त्रिपाठी ने बंदियों को ऑनलाइन सुनवाई प्रक्रिया और किशोर बंदियों की जांच संबंधी जानकारी दी। 18 वर्ष से कम आयु के बंदियों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की सलाह दी गई।
रिटेनर अधिवक्ता चंद्र प्रकाश कश्यप ने निशुल्क अधिवक्ता नियुक्त करने की प्रक्रिया समझाई तथा न्यायालय द्वारा जारी वॉरंट और जमानत प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। बंदियों की न्यायिक समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
- इस अवसर पर उपजेल अधीक्षक संजय नायक, सदस्य पूनम देवांगन, विधि संरक्षण अधिकारी सनातन मेरसा, अधिकार मित्र घासीराम नेताम सहित जेल कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और प्रक्रियाओं की जानकारी देना था, जिससे वे न्यायिक प्रक्रिया में सुलभता से भाग ले सकें।