विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला अस्पताल कोण्डागांव में रेडक्रॉस सोसायटी शाखा द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कोण्डागांव पुलिस एवं आईटीबीपी 29वीं वाहिनी के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल ने स्वयं रक्तदान कर अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित किया। शिविर में कोण्डागांव पुलिस के 14 अधिकारी-कर्मचारियों तथा आईटीबीपी के 6 जवानों सहित कुल 20 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
रक्तदाताओं को रेडक्रॉस सोसायटी शाखा कोण्डागांव की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “रक्तदान जीवनदान है” और समाज सेवा में पुलिस हमेशा अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिलेवासियों से भी रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों ने कोण्डागांव पुलिस और आईटीबीपी के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।
