कोंडागांव,
विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के चनाभरी जंगल में 6 दिसंबर को एक अज्ञात व्यक्ति की सिरकटी लाश मिलने के मामले का कोंडागांव पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर एसडीओपी अरुण नेताम और एएसपी कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
शव का सिर गायब होने के कारण पहचान में कठिनाई आ रही थी, लेकिन लगातार की जा रही खोजबीन के दौरान कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान बड़ागांव निवासी लछिन्दर पांडे के रूप में हुई। मृतक को अंतिम बार 3 दिसंबर को विश्रामपुरी बाजार में देखा गया था। जांच के दौरान एक मुखबिर ने बताया कि मृतक का बाजार में श्यामलाल नेताम व उसके साथी से विवाद हुआ था।
संदेह के आधार पर आरोपी श्यामलाल नेताम (26) को पूछताछ के लिए बुलाया गया। कड़ाई से पूछताछ पर उसने स्वीकार किया कि पुराने विवाद के चलते उसने 3 दिसंबर को मृतक को चनाभरी जंगल ले जाकर टंगीया से हमला कर सिर धड़ से अलग कर हत्या की तथा पहचान छिपाने के लिए सिर को कुरूभाट तालाब के पास छिपा दिया। आरोपी की निशानदेही पर सिर और हथियार बरामद कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।