कोंडागांव पुलिस ने साइबर सेल के विशेष अभियान के तहत 174 गुम हुए मोबाइलों को बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाया। पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देशन में एक माह के भीतर यह अभियान चलाया गया, जिसमें विभिन्न ब्रांडों के वनप्लस, सैमसंग, वीवो, रेडमी, रियलमी जैसे महंगे मोबाइल भी शामिल थे। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
साइबर सेल टीम ने छत्तीसगढ़ के बस्तर, बीजापुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना जैसे सीमावर्ती राज्यों से भी मोबाइल रिकवर किए। मोबाइल वापस पाकर उनके मालिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे, कई लोगों ने उम्मीद ही छोड़ दी थी कि उनका फोन वापस मिलेगा।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित समारोह में बरामद मोबाइल लौटाए गए। इस मौके पर एसपी वाय. अक्षय कुमार ने मोबाइल धारकों को फोन सुरक्षित रखने और बिना बिल के मोबाइल न खरीदने की सलाह दी।
साइबर सेल टीम के सागरबती सोरी, लूमन सिंह भंडारी, जितेंद्र मरकाम, चैतराम मरकाम, बीजू यादव, मनोज पोयाम, कृष्णा नेताम, मनीष बोस, मनोज मरकाम और लखुराम मरकाम की इस अभियान में विशेष भूमिका रही। अब तक कोंडागांव पुलिस 1500 से अधिक गुम हुए मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों तक पहुंचा चुकी है, जिनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है।