
कोण्डागांव,
जिले में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध एवं अपराध में उपयोग किए जा रहे बैंक खातों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कोण्डागांव पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा भा.पु.से. के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र पुजारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल कार्यालय कोण्डागांव में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में जिले के सभी वाई-फाई प्रोवाइडर, कंप्यूटर सेंटर एवं चॉइस सेंटर संचालक उपस्थित रहे। साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक श्री सौरभ उपाध्याय एवं साइबर टीम द्वारा साइबर अपराध के वर्तमान तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि साइबर अपराधी आमतौर पर पब्लिक वाई-फाई का उपयोग इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए करते हैं तथा साइबर फ्रॉड से प्राप्त रकम की निकासी के लिए चॉइस सेंटर के बैंक खातों का म्यूल अकाउंट के रूप में दुरुपयोग कर रहे हैं। साथ ही कंप्यूटर सेंटरों का उपयोग भी विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों में किया जा रहा है।
साइबर सेल द्वारा वाई-फाई संचालकों को अपने नेटवर्क का पासवर्ड मजबूत रखने, समय-समय पर बदलने एवं किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करने की हिदायत दी गई। चॉइस सेंटर संचालकों को राशि जमा एवं निकासी का विधिवत रजिस्टर संधारित करने तथा कंप्यूटर सेंटरों में उपयोगकर्ताओं की संपूर्ण जानकारी रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।