*कोण्डागांव पुलिस ने फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर लूट करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़*

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कोण्डागांव पुलिस ने फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर लूटपाट करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने 19 मार्च 2025 को कोण्डागांव के बम्हनी गांव में एक व्यापारी के घर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 37.38 लाख रुपये मूल्य की नकदी, वाहन और अन्य सामान बरामद किया है।

घटना का विवरण
पीड़िता तुलेश्वरी मानिकपुरी ने 23 मार्च को शिकायत दर्ज कराई कि चार लोग इनोवा कार (CG 10 BM 3041) से आए और उनके पति अजय मानिकपुरी को जबरन कब्जे में लेकर घर में घुसे। आरोपियों ने जबरदस्ती अलमारी से 5 लाख रुपये, गल्ले में रखी नकदी, डीवीआर और मोबाइल लूट लिए। शिकायत पर कोण्डागांव थाना ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

गिरफ्तारी और खुलासा
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से रायपुर में इनोवा कार का लोकेशन ट्रेस कर मुख्य आरोपी लेखराम सिन्हा समेत अन्य को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि ग्राम बम्हनी निवासी साजेन्द्र बघेल ने घर में नकदी होने की जानकारी देकर लूट की साजिश रची थी। गिरोह ने पहले 15 मार्च को वारदात की कोशिश की, लेकिन अजय मानिकपुरी के घर न होने के कारण असफल रहे। 19 मार्च को उन्होंने फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर लूट को अंजाम दिया।

बरामद सामग्री और आरोपी
पुलिस ने आरोपियों से 4.38 लाख रुपये नकद, एक इनोवा कार (20 लाख), एक XUV 300 कार (10 लाख), 9 मोबाइल (3 लाख) समेत कुल 37.38 लाख रुपये का सामान जब्त किया।

गिरफ्तार आरोपी – सुरेन्द्र कुमार कुर्रे, लेखराम सिन्हा, प्रभदीप सिंह, प्रियांक शर्मा और साजेन्द्र बघेल।

इस कार्रवाई में थाना कोण्डागांव व साइबर सेल की संयुक्त टीम का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *