कोण्डागांव पुलिस को बड़ी सफलता, नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार*

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कोण्डागांव। जिले की पुलिस ने नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी विश्वनाथ केसरिया (24) निवासी उरगा, जिला कोरबा, बेरोजगार युवाओं से अलग-अलग विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर रकम ऐंठ रहा था। पुलिस ने उसे 10 मार्च 2025 को गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2024 को प्रार्थी हिरेंद्र कुमार साहू ने कोण्डागांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरियों की फर्जी वैकेंसी का झांसा दिया जा रहा है। फॉर्म भरने और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर उनसे छोटी-छोटी रकम वसूली जा रही थी। प्रार्थी से भी एसबीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर 10,000 रुपये ठगे गए। मामले में अपराध क्रमांक 416/2024, धारा 318 (4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री वाय. अक्षय कुमार भा.पु.से. के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने लगभग 300-400 बेरोजगारों से ठगी करने की बात कबूल की है।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय, सहायक उपनिरीक्षक चिंता राम ध्रुव, प्रधान आरक्षक अशोक मरकाम एवं साइबर सेल कोण्डागांव की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *