कोंडागांव – प्रदेश में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों ईडी और सीबीआई की लगातार हो रही कार्रवाई के विरोध में कोंडागांव जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार कांग्रेस भवन से रैली निकालकर बस स्टैंड में सीबीआई का पुतला जलाया गया।
जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम ने कहा कि भाजपा के इशारे पर कांग्रेस नेताओं को ईडी-सीबीआई के माध्यम से परेशान किया जा रहा है, जो सुशासन नहीं बल्कि कुशासन का संकेत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंग्रेजों से नहीं डरी, तो भाजपा से भी नहीं डरेगी। हमारी लड़ाई अन्यायपूर्ण नीतियों के खिलाफ जारी रहेगी, और हम आम जनता की आवाज को बुलंद करते रहेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, शंकर सोढ़ी, पूर्व जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम, महामंत्री गीतेश गांधी, रितेश पटेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष तरुण गोलछा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भारत देवांगन, महिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमा देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।