कोण्डागांव, 05 अप्रैल 2025 — छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी समिति प्रबंधक संघ रायपुर के बैनर तले कोण्डागांव में भी प्रबंधक संघ ने अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। जिले के सभी प्रबंधक दक्षिण वन मंडलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए हैं।
प्रबंधकों का कहना है कि वे पिछले 36 वर्षों से सेवा दे रहे हैं, लेकिन अब तक नियमितीकरण नहीं हुआ है। उनकी प्रमुख मांगों में प्रबंधकों का नियमितीकरण, वेतन का बैंक खातों में भुगतान, वर्ष 2023 से एरियर की राशि का भुगतान, सेवानिवृत्त होने पर संविदा नियुक्ति, उच्च न्यायालय के आदेश दिनांक 27/02/2020 का पालन, सेवा अवधि में मृत्यु होने पर अनुकम्पा नियुक्ति, तथा सेवा निवृत्त या मृत्यु पर एकमुश्त उपादान राशि प्रदान करना शामिल हैं।
प्रबंधकों ने स्पष्ट किया है कि जब तक शासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करता और ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। इस आंदोलन से लघु वनोपज संग्रहण और विपणन कार्य प्रभावित हो सकते हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका है।
प्रबंधकों ने शासन से जल्द से जल्द सकारात्मक पहल की मांग की है, ताकि उनका आंदोलन समाप्त किया जा सके और वे पुनः अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।