नारायणपुर, 09 अप्रैल 2025 // मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप राज्य में पारदर्शी शासन व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से चल रहे सुशासन तिहार के दूसरे दिन नारायणपुर जिले में उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। जिले के ओरछा व नारायणपुर विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित समाधान शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं व मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
ग्राम पंचायतों में लगाए गए समाधान पेटियों में लोगों ने सक्रियता से आवेदन जमा किए। अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई और एसडीएम गौतमचंद पाटिल ने विभिन्न पंचायतों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
नारायणपुर विकासखंड की 76 ग्राम पंचायतों में 8 अप्रैल को कुल 314 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सबसे अधिक आवेदन फरसगांव ग्राम पंचायत से आए। अन्य पंचायतों में केरलापाल से 27, एड़का से 25, भरण्डा से 32 और नेलवाड़ से 17 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित परीक्षण व निराकरण हेतु निर्देशित किया है। साथ ही जिले के हाट बाजारों, तहसीलों और जनपद कार्यालयों में भी समाधान पेटियां स्थापित कर आमजन से आवेदन लिए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग कर सुशासन तिहार को सफल बनाया जा रहा है।
