
लो वोल्टेज से परेशान किसानों ने कनिष्ठ अभियंता को सौंपा ज्ञापन, चक्का जाम की चेतावनी
कोंडागांव। जिले के चिपावंड उपकेंद्र अंतर्गत आने वाले गांवों में लगातार लो वोल्टेज की समस्या से किसान काफी परेशान हैं। बिजली की कमी के कारण खेतों में लगे पंप सही ढंग से नहीं चल पा रहे हैं, जिससे फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और कई किसानों की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है। समस्या से नाराज क्षेत्र के किसानों ने एकजुट होकर विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की है। किसानों का कहना है कि लंबे समय से लो वोल्टेज की शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मजबूर होकर वे चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।