कोण्डागांव,
अखिल भारतीय किसान महासभा जिला कोण्डागांव के नेतृत्व में किसानों ने ग्राम कबोंगा में धान खरीदी उप केंद्र संचालित करने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम कलेक्टर कोण्डागांव के माध्यम से तहसीलदार कोण्डागांव को सौंपा गया।
जिला अध्यक्ष दिनेश मरकाम, किसान नेता अर्जुन नेताम सहित सरादू सोढ़ी, छबीलाल नेताम, पुनउराम सोरी, राजू वट्टी, नन्दू नेताम, सिरनाथ बघेल, दुआरू नेताम सहित सैकड़ों किसानों ने डी.एन.के. मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर यह मांग उठाई। किसानों ने बताया कि वर्ष 2022-23 से ग्राम कबोंगा, कोसागांव, हांथी पखना, सिरसी कलार, कुम्हार बड़गांव आदि ग्रामों के किसानों द्वारा उप केंद्र की मांग की जा रही है।
किसानों का कहना है कि तत्कालीन विधायक द्वारा अनुशंसा के बावजूद वर्ष 2023 और 2024 में उप केंद्र संचालित नहीं किया गया तथा वर्ष 2025 में भी तैयारी नहीं की जा रही है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि इस वर्ष से ग्राम कबोंगा में धान खरीदी उप केंद्र प्रारंभ नहीं किया गया तो अखिल भारतीय किसान महासभा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।