कोण्डागांव, 24 मार्च 2025 – जिले में लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा 08 नए विद्युत उपकेन्द्रों की स्थापना की जा रही है। शासन की आरडीएस योजना के तहत बोटीकनेरा, बोलबोला, बालोण्ड और शामपुर में नए उपकेन्द्र स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा, लोहार पारा, पीपरा, लांजोड़ा, रांधना और जामगांव में भी विद्युत उपकेन्द्र बनाए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने भूमि आबंटन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
इन उपकेन्द्रों के निर्माण से चिखलपुटी, दूधगांव, करंजी, सोनाबाल, नगरी, करमरी, उमरगांव, पवई सहित कई गांवों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी। जामगांव उपकेन्द्र से केशकाल, विश्रामपुरी और बड़ेराजपुर क्षेत्र के गांवों को भी लाभ मिलेगा।
बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 07786-299028 जारी किया गया है, जहां नागरिक सोमवार से शुक्रवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन की इस पहल से जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।