कोंडागांव/फरसगांव। मुखबिर की सूचना पर 19 मार्च 2026 को वन्यजीव अभ्यारण्य रायपुर की फ्लाइंग स्क्वाड और केसकाल वन विभाग की संयुक्त टीम ने फारसगांव-बादेडोंगर मार्ग पर कार्रवाई करते हुए तेंदुए की खाल तस्करी का बड़ा खुलासा किया। टीम ने बैलगांव के पास जाल बिछाकर दो आरोपियों को मोटरसाइकिल में बोरी में रखी तेंदुए की खाल के साथ पकड़ा, जबकि पीछे आ रहे इको वाहन में सवार उनके पांच साथियों को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
जब्त खाल की लंबाई 195 सेमी और चौड़ाई 45 सेमी पाई गई, जिसे करीब सात महीने पहले शिकार कर सुखाया गया था। पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी सहित अन्य को नारायणपुर जिले से गिरफ्तार कर एक देसी बंदूक भी बरामद की गई।
वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।