अवैध शेमल लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की कार्रवाई, वाहन जब्त
कोंडागांव। जिले में अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शेमल लकड़ी से भरे एक वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई दक्षिण कोंडागांव वनमंडल के मर्दापाल परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोड़सानार में शुक्रवार सुबह की गई।
सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 1109 वाहन (क्रमांक सीजी 04 पीबी 0839) को पकड़ लिया। वाहन में बिना अनुमति काटी गई शेमल लकड़ी लोड थी, जिसे अन्यत्र ले जाया जा रहा था।
मर्दापाल परिक्षेत्र अधिकारी गौरव टंडन ने बताया कि वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि जिले में अवैध कटाई को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। फिलहाल, इस कार्रवाई को विभाग की सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।
