बब्बी शर्मा की रिपोर्ट

आज की खबर
बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम कोटगांव और खेरूद के बीच बहने वाली तांदुला नदी की रेत में एक युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डेंगापारा निवासी यशवंत नेताम के रूप में हुई है, जो 6 अप्रैल से लापता था।
परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना सुरेगांव में दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा जांच में जुटने पर संदेह के आधार पर यशवंत के तीन दोस्तों – गमन कंवर, साहिर कंवर (दोनों डेंगापारा निवासी) और मनीष ठाकुर (निवासी कोटगांव) से कड़ी पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
उन्होंने बताया कि शाम के समय तांदुला नदी किनारे शराब पीने के दौरान आपसी विवाद में उन्होंने लकड़ी के टुकड़े से वार कर यशवंत की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से नदी की रेत में दफना दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। समाचार लिखे जाने तक तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही थी।