पाप मोचनी एकादशी पर कोण्डागांव में भक्त माता कर्मा जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई
कोंडागांव। पाप मोचनी एकादशी के पावन अवसर पर नगर साहू समाज कोण्डागांव द्वारा भक्त माता कर्मा जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कर्मा मंदिर में सुबह विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई तथा समाज के लोगों ने माता कर्मा का स्मरण करते हुए उनकी शिक्षाओं को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कर्मा मंदिर, अस्पताल वार्ड से भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा कर्मा मंदिर से निकलकर नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए बंधा तालाब स्थित शंकर मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और माता कर्मा के जयकारों से नगर गूंज उठा।
कलश यात्रा के पश्चात सामाजिक भवन कनेरा रोड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को माता कर्मा की जीवन गाथा और उनके आदर्शों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिसमें बच्चों और युवाओं ने नृत्य एवं गायन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
नगर साहू समाज के अध्यक्ष उमेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि माता कर्मा के आदर्श समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और सभी को उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी एकता और सामाजिक उत्थान के लिए कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम में लगभग 500 से अधिक लोग शामिल हुए और पूरे आयोजन में उत्साह व श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।