केशकाल,
पुलिस अधीक्षक जिला कोंडागांव श्री पंकज चन्द्रा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेन्द्र देव पटेल तथा एसडीओपी केशकाल श्री अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना केशकाल पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पंचायत गढ़सिलयारा में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कैम्प में बच्चों और नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई।
कैम्प में निरीक्षक विकास बघेल ने उपस्थित बालक-बालिकाओं, शिक्षकों, वार्ड पार्षदों, आंगनबाड़ी सहायिकाओं, मितानिनों एवं वार्डवासियों को साइबर अपराध के प्रकार, ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराध, यातायात नियमों के पालन, भारत सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों तथा नशामुक्ति अभियान के तहत नशीली दवाओं के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर प्रधान आर. ईश्वर नेताम, महिला प्रधान आर. माहेश्वरी शांडिल्य, महिला आर. योगेश्वरी पांडे एवं आर. सुकेत राय उपस्थित रहे।