नारायणपुर, कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने गुरुवार को नारायणपुर प्रवास के दौरान बालक आश्रम शाला बेनूर और तहसील कार्यालय नारायणपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। आश्रम शाला में उन्होंने रसोईघर, बच्चों के शयन कक्ष एवं किचन गार्डन का जायजा लिया और छात्रों से उनकी पढ़ाई, नाश्ते और भोजन की गुणवत्ता पर बातचीत की। किचन गार्डन में साग-सब्जी उत्पादन और परिसर की स्वच्छता की सराहना करते हुए उन्होंने आश्रम में आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद तहसील कार्यालय निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व प्रकरणों के निराकरण, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र वितरण की स्थिति की समीक्षा की। रिकॉर्ड रूम में दस्तावेजों के सुरक्षित संधारण को लेकर दवा छिड़काव, खिड़कियों में जाली लगाने और अग्निशमन यंत्र लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, कार्यालय परिसर की सफाई सुनिश्चित करने हेतु हर महीने के तीसरे शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाने का सुझाव दिया, जिसमें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा खलखो, एसडीएम अभयजीत मण्डावी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
