कोण्डागांव। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने बुधवार को माकड़ी जनपद पंचायत भवन में बैठक कर आकांक्षी विकासखंड माकड़ी में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायतों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी ग्रामीण इससे वंचित न रहे। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, शाला भवनों और शासकीय परिसरों में स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल की जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में उन्होंने हिमोग्लोबिन जांच में देरी पर नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए। स्वास्थ्य केंद्रों में जांच प्रक्रिया तेज करने और घर पर प्रसव के मामलों में स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। शालाओं में उपलब्ध टेलीविजन का अधिकतम लाभ विद्यार्थियों को देने और बोर्ड परीक्षाओं में उत्तीर्ण छात्रों के अगले सत्र में प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा। छात्रावासों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एसडीएम श्री अजय उरांव सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
