नारायणपुर, कलेक्टर प्रतिष्ठा मुमगाईं और जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो ने नेलवाड़, लाल सुहनार, छोटे सुहनार और टिमनार में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूलों की स्थिति की भी समीक्षा की तथा साफ-सफाई, शौचालय, सोलर पैनल और पठन-पाठन सुविधाओं का जायजा लिया।
ग्राम नेलवाड़ में 46 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 5 पूर्ण हो चुके हैं, वहीं टिमनार में 21 में से 12 आवास पूरे किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने शेष आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को लाभ देने और उचित मूल्य दुकान के निर्माण को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने देवगांव के पोर्टाकेबिन का निरीक्षण किया। उन्होंने किचन, मनोरंजन कक्ष, छात्रावास और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की तथा साफ-सफाई और भोजन व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। पानी की खपत कम करने के लिए टंकी निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। बच्चों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत सीईओ एलएन पटेल, उप अभियंता लक्ष्मीकांत पटेल, सरपंच सुलमा करंगा, उप सरपंच चंदरराम वड्डे सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
