कोण्डागांव का वार्षिक मेला 4 से 9 मार्च तक आयोजित, तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक*

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कोण्डागांव – कोण्डागांव का पारंपरिक मड़ई मेला इस वर्ष 4 से 9 मार्च 2025 तक आयोजित होगा। मेले के सुचारू संचालन हेतु कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में निर्देश दिए गए कि मेले में दुकान लगाने वाले व्यवसायियों को अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखना होगा। मेला आयोजन रात 10 बजे तक ही होगा और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी नियमन लागू रहेगा। झूलों की सुरक्षा जांच के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए, जबकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम तैनात होगी।

नगर पालिका को देवी परिक्रमा मार्ग की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश मिले। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस द्वारा बेरिकेटिंग की जाएगी, साथ ही यातायात सुगम बनाए रखने हेतु पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेले में एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम तैनात की जाएगी।

संबंधित विभागों को विद्युत, पेयजल, शौचालय जैसी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, नगर पालिका सीएमओ दिनेश डे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *