कोंडागांव। दिनांक 6 अप्रैल 2025 को मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश डे के मार्गदर्शन में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव द्वारा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में पूर्व सैनिकों के साथ-साथ निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
स्वच्छता अभियान के तहत बंधा तालाब क्षेत्र की सफाई की गई, जिसमें जलकुंभी निकाली गई तथा झाड़ू लगाकर कचरा एकत्र किया गया। यह अभियान न केवल सफाई के उद्देश्य से किया गया, बल्कि युवाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरणा स्वरूप भी रहा।
कार्यक्रम में परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने युवाओं को स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह अभियान भारत को स्वच्छ एवं रोगमुक्त बनाने का प्रयास है। जिलाध्यक्ष सूरज यादव ने स्वच्छता को व्यक्ति, समाज और पर्यावरण के लिए आवश्यक बताते हुए सभी से सफाई को जीवनशैली में शामिल करने का आग्रह किया।
अभियान के अंत में ‘स्वच्छ भारत-सुंदर भारत’, ‘मेरा शहर मेरी जिम्मेदारी’ जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए गए। परिषद ने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की सफाई में सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर सीएमओ दिनेश डे, सुब्रत साहा, सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती सहित गणमान्य नागरिक एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा-युवतियां उपस्थित रहे।
