*छत्तीसगढ़ को मिली 8741 करोड़ की सौगात, खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा रेल परियोजना को मिली मंजूरी*

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

संवाद दाता – विश्व प्रकाश शर्मा

रायपुर, 4 अप्रैल 2025 — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने छत्तीसगढ़ के लिए 8,741 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी ‘खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा रेल परियोजना’ को मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत 278 किमी लंबे रेल मार्ग पर 5वीं और 6वीं रेल लाइन बिछाई जाएगी, जिससे राज्य के 8 जिलों को सीधा लाभ मिलेगा।

यह परियोजना बलौदा बाजार, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ समेत औद्योगिक क्षेत्रों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ेगी, जिससे सीमेंट, इस्पात, कोयला, लौह अयस्क व कृषि उत्पादों की आवाजाही सुगम होगी। इससे लॉजिस्टिक्स लागत में भारी कमी आएगी और माल ढुलाई तेज होगी। अनुमानित 2,520 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष की सड़क परिवहन लागत बचेगी और 22 करोड़ लीटर डीजल की बचत के साथ 113 करोड़ किग्रा CO2 उत्सर्जन में कटौती होगी, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह परियोजना राज्य में रोजगार, औद्योगिक निवेश और आर्थिक सशक्तिकरण को गति देगी। इसमें 21 स्टेशन, 48 बड़े पुल, 5 फ्लाईओवर, और कुल 615 किमी ट्रैक बिछाया जाएगा। यह पहल छत्तीसगढ़ को ‘विकास के फास्ट ट्रैक’ पर लाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *