खबर आज की — बब्बी शर्मा
नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस पार्टी के प्रधान कार्यालय इंदिरा भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जिलाध्यक्ष स्तरीय बैठक रविवार को सम्पन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में कोंडागांव जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुधराम नेताम ने सहभागिता निभाई।
बैठक में छत्तीसगढ़ सहित राजस्थान, मध्यप्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों के जिलाध्यक्षों ने भाग लिया। यह बैठक संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति के मद्देनजर आयोजित की गई थी।
बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गांधी, संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, सह प्रभारीगण एवं पीसीसी चीफ दीपक बैज भी मौजूद रहे।
बैठक में जिलास्तरीय संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने पर विशेष चर्चा हुई। सभी जिलाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने, युवाओं को जोड़ने और सामाजिक मुद्दों पर पार्टी की भूमिका को स्पष्ट रूप से सामने लाने हेतु दिशा-निर्देश दिए गए।
कोंडागांव जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम ने बताया कि यह बैठक पार्टी संगठन को नई ऊर्जा देने और एकजुटता के साथ आगामी चुनौतियों का सामना करने की दिशा में एक अहम कदम है।