कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए प्रदेश के 11 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में बुधराम नेताम को कोण्डागांव जिला कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। लंबे समय से जिलाध्यक्ष बदले जाने की अटकलें चल रही थीं, जो अब समाप्त हो गई हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान ने संगठन में पिछड़ा वर्ग समाज का प्रतिनिधित्व करते हुए पांच वर्षों तक प्रभावी नेतृत्व दिया। संगठनात्मक फेरबदल के तहत अब यह जिम्मेदारी बुधराम नेताम को सौंपी गई है, जो जिले में कांग्रेस के मजबूत और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं।
बुधराम नेताम 1994 से अब तक 25 वर्षों तक सरपंच रह चुके हैं और वर्तमान में भी संबलपुर के सरपंच हैं। उन्होंने 2020 में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ा था। सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है, वे संयुक्त बस्तर जिला गोंडवाना समाज के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा, कांग्रेस संगठन में 10 वर्षों तक कोण्डागांव ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
बुधराम नेताम ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के करीबी सहयोगी के रूप में भी काम किया है और उनके विधायक प्रतिनिधि रह चुके हैं। अब जिलाध्यक्ष के रूप में वे कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जिले की ढाई विधानसभा सीटों पर पार्टी को पुनः स्थापित करने के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं।