कोंडागांव// छत्तीसगढ़ सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आदिवासी कला व परंपराओं के संरक्षण हेतु “बस्तर पंडुम 2026” के आयोजन की घोषणा की गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय आदिवासी कलाकारों को प्रोत्साहन व सम्मान प्रदान करना तथा पारंपरिक नृत्य, संगीत, रंगमंच, चित्रकला, शिल्प, पोशाक, आभूषण, भोजन, बोली-भाषा और वन औषधियों के मूल स्वरूप को संरक्षित करना है। इस उत्सव के अंतर्गत 12 विधाओं में जनपद और जिला स्तर की नि:शुल्क प्रतियोगिताएं होंगी, जिसमें बस्तर मंडल की 1,885 ग्राम पंचायतों के कलाकार भाग ले सकेंगे। ब्लॉक स्तर पर मुकाबले 10 से 20 जनवरी 2026 तथा जिला स्तर पर 24 से 29 जनवरी 2026 तक आयोजित होंगे। ब्लॉक विजेताओं को 10 हजार और जिला विजेताओं को 20 हजार रुपये के नकद पुरस्कार व फोटो फ्रेम दिए जाएंगे, सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र मिलेंगे। संस्कृति एवं राजभाषा निदेशालय नोडल विभाग रहेगा और प्रत्येक जिले से नोडल अधिकारी नामित होगा। जिला विजेता टीमों को 1 फरवरी 2026 तक जगदलपुर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। आयोजन को मीडिया के माध्यमों से व्यापक प्रचार देकर भव्य रूप देने के निर्देश जारी हुए हैं।
