बांदे में बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बिजली दफ्तर में किया हंगामा
कोंडागांव। बांदे क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और खराब बिजली व्यवस्था से नाराज़ ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच गए और वहां हंगामा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली जारी है। बार-बार बिजली बंद होने से किसानों की खेती प्रभावित हो रही है और खेतों में लगी मक्के की फसल सूखने लगी है। बिजली नहीं मिलने से सिंचाई कार्य ठप पड़ गया है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे नाराज़ होकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिजली कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया और अधिकारियों के खिलाफ नाराज़गी जताई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसान उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
