
रायपुर/ पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ का प्रदेश निर्वाचन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। निर्वाचन के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष सहित चार प्रदेश पदाधिकारियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष पद पर सुनील कुमार यादव के पुनः निर्वाचित होने के बाद उन्होंने संगठन को नई दिशा देने एवं प्रदेशभर में संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से प्रदेश कार्यकारिणी की सूची जारी की।
लगभग तीन वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित इस प्रदेश निर्वाचन में कुल पांच पदों पर निर्वाचन हुआ, जिसमें सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचन के बाद से ही प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर पत्रकारों में उत्सुकता बनी हुई थी, जिसे प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कार्यकारिणी की घोषणा के साथ समाप्त किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन निर्वाचन अधिकारी लव कुमार रामटेके एवं प्रदेश निर्वाचन प्रभारी विजय कुमार साहू के मार्गदर्शन में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
निर्विरोध निर्वाचन के बाद सुनील कुमार यादव को पुनः प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय से संगठन से जुड़े श्री यादव को संगठनात्मक अनुभव का व्यापक लाभ प्राप्त है। उनके नेतृत्व में संगठन के विस्तार एवं सक्रियता को निरंतर गति मिली है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, सुरक्षा, सम्मान तथा संगठनात्मक मजबूती सुनिश्चित करना है।
प्रदेश कार्यकारिणी में महासचिव निहारिका श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष परमेश्वर कुमार यादव, सचिव रोहित कुमार यादव, संगठन सचिव कुलेश्वर सिन्हा सहित उपाध्यक्ष, विधिक सलाहकार, प्रवक्ता, मीडिया प्रभारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई कार्यकारिणी की घोषणा से प्रदेशभर के पत्रकारों में उत्साह का माहौल है और संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।