PM SHRI Kendriya Vidyalaya Kondagaon में शुक्रवार को पीएम श्री योजना के अंतर्गत “21वीं सदी के अधिगम एवं सूचना कौशल” विषय पर स्टूडेंट मॉक पार्लियामेंट का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य श्री नंदकिशोर वासनिक के मार्गदर्शन तथा श्री विनायक कोहली के समन्वयन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय राष्ट्रपति के संबोधन से हुआ, जिसमें संसद की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और युवा पीढ़ी की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला गया। इसके पश्चात सदन की कार्यवाही माननीय अध्यक्ष (स्पीकर) द्वारा संसदीय नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप संचालित की गई, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक संसदीय प्रणाली का अनुभव प्राप्त हुआ।
कक्षा VI से IX तक के विद्यार्थियों ने सरकार पक्ष, विपक्ष, मीडिया प्रतिनिधि सहित विभिन्न संसदीय भूमिकाओं का प्रभावशाली निर्वहन किया। सभी प्रतिभागी औपचारिक वेशभूषा में अपने-अपने पोर्टफोलियो के अनुरूप उपस्थित हुए, जिससे वास्तविक संसद जैसा वातावरण निर्मित हुआ। विद्यार्थियों ने 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर प्रतिबंध जैसे समसामयिक विषय पर गंभीर, तार्किक और आत्मविश्वासपूर्ण चर्चा की।
निर्णायक मंडल में उपस्थित श्री सचिचिदानंद तिवारी, श्री आदित्य सिधार्थ एवं सुश्री अंकिता कुशवाहा ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय ज्ञान, अभिव्यक्ति कौशल, तार्किक क्षमता और संसदीय मर्यादा के आधार पर किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्टेशनरी सामग्री एवं अल्पाहार प्रदान किया गया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए इसे उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।