कोण्डागांव में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कोण्डागांव में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गय

कोण्डागांव। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर विकास नगर स्टेडियम, कोण्डागांव में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक लता उसेंडी, उपाध्यक्ष बस्तर विकास प्राधिकरण रहीं। उनके आतिथ्य में ध्वजारोहण सम्पन्न हुआ। ध्वजारोहण के पश्चात परेड द्वारा सलामी दी गई तथा माननीय मुख्यमंत्री के नाम संदेश का वाचन किया गया। इसके उपरांत शांति एवं समृद्धि के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।

समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा म्यूजिक के साथ सामूहिक व्यायाम का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। वहीं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देश की विविध संस्कृति, लोकनृत्य और देशभक्ति से ओतप्रोत संगीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की गई जीवंत झांकियां रहीं। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग ने नल-जल योजना की झांकी के माध्यम से शुद्ध पेयजल के महत्व को दर्शाया। शिक्षा विभाग ने एआई आधारित शिक्षा रोबोट की झांकी प्रस्तुत कर आधुनिक तकनीक की झलक दिखाई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल विवाह के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। नगरपालिका परिषद ने अमृत मिशन योजना के उद्देश्य को रेखांकित किया। यातायात पुलिस विभाग ने बिना हेलमेट, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने तथा शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों पर की जाने वाली चालानी कार्रवाई की झांकी प्रस्तुत कर जनजागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित हजारों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी समारोह में शामिल होकर गणतंत्र दिवस की गरिमा को बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *