मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 166 जोड़ा बंधे वैवाहिक बंधन में

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

नारायणपुर, राज्य शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवार अपनी कन्याओं का विवाह सादगी, सम्मान और सामाजिक गरिमा के साथ संपन्न कर पा रहे हैं।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के कुल 166 जोड़ों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया गया, जिनमें 7 आत्मसमर्पित जोड़े भी शामिल हैं। इसी क्रम में 10 फरवरी को इंडोर स्टेडियम, माहका में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नवदम्पति, उनके परिजन एवं आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम मुख्य अतिथि तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्रप्रसाद बघेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की।

अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सादगीपूर्ण विवाह को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज से दहेज प्रथा जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी पहल है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप यह योजना गरीब परिवारों के बेटा-बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है, जिससे लाखों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्रप्रसाद बघेल ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों का आत्मसम्मान और मनोबल बढ़ा है।

उल्लेखनीय है कि योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को कुल 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें 15 हजार रुपये सामग्री स्वरूप तथा 35 हजार रुपये बैंक ड्राफ्ट अथवा खाते के माध्यम से प्रदान किए जाते हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला एवं नवदम्पतियों के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *