नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र अबूझमाड़ के 120 बच्चों ने ‘स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना’ के तहत राजधानी रायपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि अबूझमाड़ के विकास को गति देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और संचार जैसी सुविधाएं हर गांव तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि उनकी शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अबूझमाड़ में स्कूल, छात्रावास और स्वास्थ्य केंद्रों के विकास के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान बच्चों ने विधानसभा की कार्यवाही देखी और लोकतंत्र की बारीकियों को समझा। उन्होंने रेलवे स्टेशन, मॉल और वनवासी कल्याण आश्रम का भी दौरा किया। इस अनुभव से वे अत्यंत उत्साहित दिखे और प्रदेश सरकार का आभार जताया।
