कोण्डागांव। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर कोण्डागांव में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। खासकर दंतेश्वरी क्रिकेट एकेडमी में खिलाड़ियों और कोचों में जीत को लेकर काफी आत्मविश्वास है। एकेडमी के कोच सुरंजन आचार्य का कहना है कि भारत की बैटिंग और बॉलिंग लाइनअप बेहद मजबूत है, जिससे टीम की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
एकेडमी के युवा क्रिकेटरों में भी खासा जोश देखा जा रहा है। बच्चों का मानना है कि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इस मैच में पांच से अधिक विकेट चटकाएंगे, जबकि कप्तान रोहित शर्मा शानदार शतक जड़ेंगे। वहीं, विराट कोहली के फॉर्म में वापसी करने की उम्मीद जताई जा रही है।
कोण्डागांव में क्रिकेट प्रेमियों ने भारत की जीत का जश्न पहले से ही मनाना शुरू कर दिया है। लोग तिरंगे झंडे और भारतीय टीम की जर्सी पहने दिख रहे हैं। कई जगहों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की योजना बनाई गई है। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि जब भी भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होते हैं, तो रोमांच अपने चरम पर होता है। इस बार भी पूरा देश भारतीय टीम की जीत के लिए प्रार्थना कर रहा है।