समाचार
कोंडागांव जिले के विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवता में जल जीवन मिशन के तहत हो रहे कार्यों में ठेकेदार की गंभीर लापरवाही सामने आई है। सरकार द्वारा “हर घर जल” योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मंशा थी, परंतु जमीनी स्तर पर इसका क्रियान्वयन बेहद खराब और मनमानीपूर्ण हो रहा है।
ग्राम पंचायत नेवता में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 149.18 लाख रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है, लेकिन आज तक भी अधिकांश घरों तक जल की आपूर्ति नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार व विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से कार्य में घोर अनियमितता बरती जा रही है। जगह-जगह गली-गली में पानी चालू/बंद करने के लिए बनाए गए कंक्रीट गड्ढों के ढक्कन नहीं लगाए गए हैं, जिससे कई बार मवेशी गड्ढे में गिर चुके हैं। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर जानवरों की जान बचाई है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी से भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा, कई स्थानों पर बिना कार्य पूर्ण किए ही पाइपलाइन बिछा दी गई है, जो पहले ही फटकर लीक हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा घटिया और लोकल क्वालिटी की पीवीसी पाइप का उपयोग किया गया है।
उच्च स्तरीय पानी टंकी का निर्माण असुरक्षित स्थान पर किया गया है, जिससे बच्चों व जानवरों के लिए खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सके।